लातेहार जिले के मनिका प्रखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी जब राजेन्द्र लोहरा को पार्टी की केंद्रीय कमिटी का सदस्य नियुक्त किया गया। इस उपलक्ष्य में मनिका स्थित झामुमो कार्यालय में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और मिठाईयों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रखंड अध्यक्ष सांकिंदर बड़ा उराँव ने श्री लोहरा को बुके भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही प्रखंड एवं पंचायत समिति के अध्यक्ष, सचिव व अन्य सदस्यों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

सभा को संबोधित करते हुए राजेन्द्र लोहरा ने कहा, “मैं सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और दृढ़ता के साथ निभाऊंगा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करूंगा।”
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष सांकिंदर बड़ा उराँव ने कहा कि “राजेन्द्र लोहरा की केंद्रीय कमिटी में नियुक्ति से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन और अधिक मजबूत होगा।”
पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सिकेश्वर राम ने कहा, “यह नियुक्ति सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सहायक होगी। श्री लोहरा वरीय नेताओं के मार्गदर्शन में बेहतर कार्य करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करेंगे।”
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांकिंदर बड़ा उराँव, प्रखंड सचिव जिनेन्द्र कुमार, मुरारी ठाकुर, सिकेश्वर राम, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश, करीमन सिंह, चलितर उराँव, मुरारी प्रजापति, दिनेश उराँव, राजपाल उराँव, सोमर उराँव, पंचायत अध्यक्ष पल्हेया मीना देवी, महिला मोर्चा की अरमीता देवी, सीमा देवी, सोनी देवी, नीरा देवी, कांति देवी, पूजा कुमारी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अभय मांझी, (सरहुल न्यूज़, मनिका)