— रिपोर्ट: Sarhul News डेस्क, रांची | दिनांक: 19 अप्रैल 2025
रांची: पोषण अभियान के अंतर्गत मनाए जा रहे पोषण पखवाड़ा (08 से 22 अप्रैल 2025) के क्रम में आज दिनांक 19 अप्रैल को जिला समाज कल्याण कार्यालय, रांची द्वारा जिला स्तरीय खाना पकाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन रांची उपायुक्त के निर्देशानुसार समाहरणालय ब्लॉक-B के कमरा संख्या 505 में किया गया।

इस प्रतियोगिता में जिले के सभी प्रखंडों की आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने भाग लिया। उन्होंने स्थानीय पौष्टिक आहार से विविध व्यंजन तैयार कर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर उत्कर्ष कुमार थे, जिन्होंने स्वयं सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और सहायिकाओं द्वारा बनाए गए व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने व्यंजनों की पौष्टिकता और स्वाद की सराहना करते हुए कहा कि “स्थानीय खाद्य सामग्री को बढ़ावा देना ग्रामीण स्वास्थ्य और पोषण के लिए बेहद जरूरी है।”
मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाओं, सेविकाओं एवं सहायिकाओं को स्थानीय खाद्य जागरूकता को लेकर शपथ भी दिलाई गई।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सहायिकाओं को उनकी उत्कृष्ट पाक कला के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सुरभि सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, सेविकाएं और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।