रांची : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मेसरा रांची में आधुनिक आर्चरी एरेना का शुभारम्भ किया। यह आयोजन खेलों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में ICICI Foundation के सहयोग से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो विद्यालय में खेल गतिविधियों को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, मंजुनाथ भजंत्री एवं विशिष्ट अतिथि, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, कुमार रजत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के स्वागत से हुई। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से बुके और शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक बैंड डिस्प्ले और पारंपरिक नागपुरी लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति से मन मोहा
समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक बैंड डिस्प्ले और पारंपरिक नागपुरी लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।
विद्यालय प्राचार्य एनोस केरकेटा ने अपने स्वागत संभाषण में मुख्य अतिथि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, मंजुनाथ भजंत्री, विशिष्ट अतिथि, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, कुमार रजत, प्रणव कुमार (जोनल हेड, आईसीआईसीआई फाउंडेशन), अजीत राय (रीजनल हेड, आईसीआईसीआई बैंक), विजेंद्र कुमार (प्रोजेक्ट मैनेजर, आईसीआईसीआई बैंक) सहित सभी मंचासीन अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
श्री प्रणव कुमार ने आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा विभिन्न विद्यालयों में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि कुमार रजत ने तीरंदाजी खेल के माध्यम से मिलने वाले लाभों जैसे एकाग्रता, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को इस खेल में रुचि लेने की सलाह दी।
उपायुक्त ने किया विद्यालय पत्रिका ‘नव स्वर’ का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा को अभिव्यक्त करने वाली विद्यालय पत्रिका नव स्वर का विमोचन मुख्य अतिथि श्री मंजुनाथ भजंत्री द्वारा किया गया। यह पत्रिका विद्यालय की सृजनात्मक गतिविधियों का एक उत्कृष्ट माध्यम है।
शिक्षा मंत्रालय के सौजन्य से प्राप्त फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत रांची जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा फुटबॉल वितरित किए गए। इससे खेल सामग्री के वितरण से ग्रामीण एवं आवश्यक क्षेत्रों में खेल को बढ़ावा मिलेगा।
विशिष्ट अतिथियों द्वारा आर्चरी सूट पहनकर तथा फीफा फुटबॉल किक ऑफ के साथ कार्यक्रम का शुभ समापन हुआ
कार्यक्रम के अंत में श्री मुकेश कुमार (एसएमटी) ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा आर्चरी सूट पहनकर तथा फीफा फुटबॉल किक ऑफ के साथ कार्यक्रम का शुभ समापन हुआ।
यह आयोजन विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को मजबूत करने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रांची खेल और शिक्षा के समन्वय का बेहतरीन उदाहरण पेश कर रहा है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची ने अपने सम्बोधन में कहा की आज मैं अत्यंत हर्षित हूँ कि पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रांची में आधुनिक आर्चरी एरेना का उद्घाटन करने का मौका मिला। यह सुविधा न केवल एक खेल मैदान है, बल्कि हमारे युवा पीढ़ी के लिए अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य और आत्मसंयम की जीवंत प्रयोगशाला है। मैं पूरे विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूँ।
आईसीआईसीआई फाउंडेशन को विशेष धन्यवाद देना चाहता हूँ, जिनके सहयोग से यह एरेना आज साकार हुई। श्री प्रणव कुमार जी एवं उनकी टीम ने खेल को शिक्षा के साथ जोड़ने में जो सराहनीय योगदान दिया है, वह प्रशंसनीय है। ऐसे निजी-सरकारी साझेदारी के प्रयास ही ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उपायुक्त ने अपने सम्बोधन में कहा तीरंदाजी एक ऐसा खेल है जो शारीरिक शक्ति से अधिक मानसिक शक्ति की माँग करता है। जब आप धनुष पर तीर चढ़ाते हैं, निशाना साधते हैं और बाण छोड़ते हैं, तो उस क्षण में पूरी दुनिया गायब हो जाती है – केवल आपका लक्ष्य और आपका फोकस रह जाता है। यह ठीक वैसे ही है जैसा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक है: स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, पूर्ण एकाग्रता बनाए रखना, छोटी-छोटी असफलताओं से विचलित न होना और लगातार अभ्यास करना।
शिक्षा मंत्रालय के फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत आज फुटबॉल का वितरण भी एक महत्वपूर्ण कदम है। यह सुनिश्चित करेगा कि रांची जिले के अधिक से अधिक स्कूलों में खेल सामग्री उपलब्ध हो और बच्चे स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जी सकें।
उन्होंने सब बच्चों से अपील करते कहा खेल को केवल शौक न समझें, इसे जीवन दर्शन बनाएँ। खेल आपको सिखाता है, टीमवर्क का महत्व, हार से सीखना, जीत को विनम्रता से स्वीकार करना, और सबसे बढ़कर – निरंतर प्रयास करना।

Leave a Reply